नारियल में डेढ़ क्विटल गांजा के साथ तस्कर दबोचा

ग्रेटर नोएडा : नारियल में गांजा रखकर तस्करी करने वाले गांजा तस्कर को साइट पांच कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वाहन जांच अभियान के दौरान आरोपित गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपित के कब्जे से 150 किलोग्राम गांजा के अलावा एक टाटा एस (मिनी लोडर) भी बरामद किया गया है। आरोपित के दो साथी मौके से भाग निकले।

एसपी देहात रणविजय सिंह ने बताया कि शुक्रवार देर रात थाना साइट पांच प्रभारी प्रभात दीक्षित ने टीम साथ मिलकर सिरसा गोल चक्कर के समीप से गांजा तस्कर को धर दबोचा है। पुलिस ने आरोपितों को जांच के लिए रोका तो दो मौके से भाग गए, जबकि एक पकड़ा गया। पकड़े गए तस्कर की पहचान सुनील उर्फ बिट्टी निवासी घंघौला के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने बताया कि गाड़ी में नारियल भरे हुए है। जब पुलिस ने वाहन की जांच की तो नारियल के बोरे भरे थे तथा उनके बीच में गांजा भरा हुआ था। आरोपित के कब्जे से कुल डेढ़ क्विटल गांजा बरामद हुआ है। आरोपित ने पुलिस पूछताछ में बताया कि वह अपने फरार साथियों के साथ मिलकर गांजे का काम करता है। आरोपित आंध्र प्रदेश से गांजा लाते है और तीनों मिलकर उसकी बिक्री आसपास के जनपदों में करते है। फरार आरोपितों की पहचान संदीप और कुल्लन उर्फ गुलाब सिंह के रूप में हुई है। कबाड़ के आड़ में गांजा तस्करी : फरार आरोपित कुल्लन पेशे से कबाड़ी है। वह कबाड़ के काम के आड़ में गांजा तस्करी का कार्य भी कर रहा था। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!