हरियाणा में 21 अक्टूबर को मतदान, 4 अक्टूबर तक नामांकन !

382 Views

हरियाणा ! भारतीय निर्वाचन आयोग ने हरियाणा में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया। यहां 21 अक्टूबर को सभी 90 सीटों के लिए एक ही चरण में मतदान होगा। चुनाव संबंधी अधिसूचना 27 सितंबर को जारी की जाएगी, जिसके बाद से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। 4 अक्टूबर तक नामांकन किए जा सकेंगे। 5 अक्टूबर को स्क्रूटनी होगी। 7 अक्टूबर तक उम्मीदवार नामांकन वापस ले सकते हैं। 21 अक्टूबर को मतदान होगा और 24 अक्टूबर को नतीजे घोषित किए जाएंगे। चुनाव आयोग की इस घोषणा के साथ ही प्रदेशभर में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। हरियाणा में इस बार करीब 1.83 करोड़ लोग मताधिकार का प्रयोग करेंगे। कुल मतदाताओं की संख्या 1,82,98,714 है। इनमें 97,30,169 पुरुष व 84,60,820 महिलाएं, 239 ट्रांसजेंडर वोटर और सर्विस वोटर की संख्या 107486 है।

2014 में 47 सीटें जीतकर भाजपा ने पहली बार अपने दम पर बनाई थी सरकार
हरियाणा में 90 विधानसभा सीटों पर चुनाव होना है। 2014 में भाजपा ने 47 सीट जीतकर पहली बार अकेले सरकार बनाई थी। सीएम मनोहर लाल मुख्यमंत्री चुने गए थे। इनेलो 19 सीट जीतकर सबसे बड़ा विपक्षी दल बना था। कांग्रेस ने 15 सीटें जीती थी, जबकि आजाद व अन्य उम्मीदवारों ने 9 सीटें जीती थी। 

Spread the love